श्री गोपालप्रसादजी व्यास से मेरा परिचय तो काफी पुराना है, किन्तु पिछले कुछ समय से उनका यह परिचय हम दोनों की निकटता में परिणत हो गया है और आए दिन भाषा के प्रश्न पर, साहित्यिक क्रिया-कलापों एवं साहित्यिक आयोजनों आदि के सिलसिले में अब तो प्रायः नित्य का ही संबंध बन गया है। भारत के गृहमंत्री श्री गुलजारीलाल नंदा ने एक हिन्दी-सलाहकार समिति बनाई है। इस समिति की एक उप-समिति बनी है, जिसे हिन्दीभाषी राज्यों में हिन्दी की परिस्थिति का अवलोकन और हिन्दी को प्रगति देने का काम सौंपा गया है।
इस समिति की अध्यक्षता का भार मुझ पर है और व्यासजी इस समिति के सचिव हैं। कुछ मास पूर्व इस समिति के कारण हम लोगों का यह निकट का संबंध और बढ़ा। मैंने इस समिति के कार्य में उनकी कर्मठता और तत्परता का भी अनुभव किया।
व्यासजी ने प्रारंभ से ही पत्रकारिता के माध्यम से हिन्दी-जगत की जो सेवा की है और आज भी कर रहे हैं, वह अपना एक विशिष्ट महत्व और स्थान रखती है। आगरा से निकलने वाले हिन्दी मासिक 'साहित्य संदेश' के प्रकाशन में उनका प्रधान हाथ रहा है। उनके संपादन में पत्र के उस काल के सुप्रसिद्ध द्विवेदी, शुक्ल और उपन्यास अंक उनकी हिन्दी-सेवा की विशेष देन रहे हैं। इसके बाद सन् 44 से आज पर्यन्त 'दैनिक हिन्दुस्तान' के सहायक संपादक के रूप में अपनी ओजस्वी और सारगर्भित टिप्पणियों के कारण व्यासजी पर्याप्त ख्याति प्राप्त कर चुके हैं।
व्यासजी की संगठन-शक्ति, व्यावहारिकता, चातुर्य, विनोदी स्वभाव और दूरदर्शिता तथा कार्य-तत्परता से हिन्दी का बहुत हित-साधन हुआ है। पिछले 15 वर्षों से वह दिल्ली प्रादेशिक हिन्दी-साहित्य-सम्मेलन के मंत्री के रूप में राजधानी में जिस तरह हिन्दी के आंदोलन को सफलतापूर्वक गति प्रदान कर रहे हैं, वह व्यासजी के ही कर्मठ व्यक्तित्व का प्रतिफल है।
व्यासजी प्रारंभ से ही एकनिष्ठ कांग्रेसवादी रहे हैं। स्वातन्त्र्य आंदोलन के दिनों में उन्होंने अंग्रेजों से उनके साम्राज्य के विरुद्ध संघर्ष किया, अब वह अंग्रेजी से उसके साम्राज्य के विरुद्ध संघर्षरत हैं। स्वातन्त्र्य आंदोलन के दिनों में अपनी वीररस-पूर्ण कविता 'कदम-कदम बढ़ाए जा' से उन्होंने राष्ट्र को प्रेरणा दी थी, आज भी वह उनकी अनेक राष्ट्रीय रचनाएं नवयुवकों को देशभक्ति और देशसेवा के लिए प्रेरित करती हैं।
पृष्ठ-1